नेपाल में सोशल मीडिया बैन को लेकर भड़के विरोध-प्रदर्शन के बाद भारत-नेपाल सीमा पूरी तरह अलर्ट

लखीमपुर खीरी और पीलीभीत जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने सख्ती बढ़ा दी है। नेपाल में हुई हिंसक झड़पों और युवाओं की मौतों के बाद सीमा पार गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

नेपाल में सोशल मीडिया बैन को लेकर भड़के विरोध-प्रदर्शन के बाद भारत-नेपाल सीमा पूरी तरह अलर्ट
सीमा से होकर आने-जाने वाले हर शख्स की सघन चेकिंग

लखीमपुर खीरी : नेपाल में सोशल मीडिया बैन को लेकर भड़के विरोध-प्रदर्शन के बाद भारत-नेपाल सीमा पूरी तरह अलर्ट पर है। हालात को देखते हुए लखीमपुर खीरी और पीलीभीत जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने सख्ती बढ़ा दी है। नेपाल में हुई हिंसक झड़पों और युवाओं की मौतों के बाद सीमा पार गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

दोनों जिलों में तैनात एसएसबी के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं और सीमा से होकर आने-जाने वाले हर शख्स की सघन चेकिंग की जा रही है। वाहनों की तलाशी ली जा रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। सीमा चौकियों पर लंबी कतारें लग रही हैं क्योंकि जांच प्रक्रिया कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि बिना पहचान पत्र और आवश्यक दस्तावेजों के किसी को भी सीमा पार नहीं जाने दिया जाएगा।

लखीमपुर और पीलीभीत प्रशासन ने पुलिस, खुफिया एजेंसियों और एसएसबी के साथ लगातार समन्वय बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। अफसरों का कहना है कि नेपाल के हालात पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त फोर्स भी अलर्ट पर रखी गई है। सीमा के आसपास के ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की गई है।

 

मुकेश शर्मा
संवाददाता