दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में पाइन गन में हुआ धमाका, 16 वर्षीय किशोर बुरी तरह झुलसा

सूत्रों का कहना है कि दीपावली के आसपास अक्सर लड़के इस तरह की पाइप गन बनाकर उसमें भरकर पटाखे फोड़ते हैं। इससे तेज आवाज होती है। शायद यह किशोर भी ऐसा ही कुछ कर रहा था। हालांकि उसके परिजनों ने पुलिस को बताया है कि किशोर ने जानवरों व बंदरों को भगाने के लिए पाइप गन मंगवाई थी। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में पाइन गन में हुआ धमाका, 16 वर्षीय किशोर बुरी तरह झुलसा

पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में सोमवार शाम बम ब्लास्ट की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जिले के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे में एक किशोर के जख्मी होने की सूचना मिली। 16 वर्षीय किशोर को पहले एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोकल पुलिस के अलावा बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुला लिया गया।

छानबीन के बाद पता चला कि किशोर जानवरों और बंदरों को डराने के लिए कहीं से पाइप गन (लोहे की पाइप की नाल) ले आया था। उसे बारूद से भरते हुए अचानक धमाके में पाइप गन फट गई और किशोर झुलस गया। किशोर की हालत नाजुक बताई जा रही है। न्यू अशोक नगर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप ने बताया कि सोमवार शाम को सी-ब्लॉक, न्यू अशोक नगर में धमाके की सूचना मिली। लोगों ने एक के बाद एक तीन कॉल कर दी। कॉलर ने एक लड़के के घायल होने की भी खबर दी। सूचना मिलने के बाद तुरंत टीम मौके पर पहुंची। तब तक 16 वर्षीय किशोर को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। वह 30 से 40 फीसदी झुलसा था। उसके हाथों के अलावा चेहरे व शरीर के दूसरे हिस्सों में गंभीर चोटे थीं।

घटना स्थल पर पुलिस को एक पाइप गन के टुकड़े बरामद हुए। पुलिस की टीम ने औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनको कब्जे में ले लिया। क्राइम टीम के अलावा बाद में एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुला लिया गया। मौके से सैंपल इकट्ठा किए गए। इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पाइप गन में भरने के लिए बारूद कहां से आया। इसके अलावा पाइप गन कहां से और किस लिये मंगाई गई।

हालांकि सूत्रों का कहना है कि दीपावली के आसपास अक्सर लड़के इस तरह की पाइप गन बनाकर उसमें भरकर पटाखे फोड़ते हैं। इससे तेज आवाज होती है। शायद यह किशोर भी ऐसा ही कुछ कर रहा था। हालांकि उसके परिजनों ने पुलिस को बताया है कि किशोर ने जानवरों व बंदरों को भगाने के लिए पाइप गन मंगवाई थी।  पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।