लखनऊ के हुसैनगंज स्थित शिवालय वाली मस्जिद पर मचा बवाल, जलाभिषेक के ऐलान के बाद BJP नेता हाउस अरेस्ट, मस्जिद की सुरक्षा बढ़ाई गई
यूपी के वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद का मुद्दा इस वक्त देशभर में छाया हुआ है. इस बीच लखनऊ की शिवालय वाली मस्जिद को लेकर भी बवाल शुरू हो गया है. भाजपा नेता ने मस्जिद के अंदर मंदिर होने का दावा किया है.
लखनऊ : यूपी के वाराणसी के ज्ञानवापी का मुद्दा उठने के बाद देश के कई हिस्सों से मंदिर-मस्जिद से जुड़ा विवाद चर्चा में है. ताजा मामला लखनऊ के हुसैनगंज स्थित मस्जिद का है, जहां मन्दिर होने का दावा किया गया है. यह दावा भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव रहे अभिजात मिश्रा ने किया है.
भाजपा नेता अभिजात मिश्रा ने कहा कि पूरे भारतवर्ष में लगभग 50 हजार से ज्यादा ऐसे मंदिर थे, जिन्हें ध्वस्त करके महज जिद्द के रूप में मस्जिद बनाई गई. उन्होंने कहा कि इसमें हुसैनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक शिवालय वाली मस्जिद भी है, जहां शिवाला आज भी मौजूद है और उस पर अवैध रूप से कब्जा करके मुस्लिम समाज के लोगों ने मस्जिद बना दी है.
मस्जिद में जलाभिषेक का ट्वीट हो रहा था वायरल : बता दें कि कुछ दिनों से अभिजात मिश्रा का एक ट्वीट वायरल हो रहा था,जिसमें उन्होंने इस मस्जिद पर टिप्पणी करते हुए लिखा,’हमारे मठ मंदिरों से अवैध कब्जे खाली करो. इसके साथ ही शिवालय वाली मस्जिद को महज जिद बताते हुए उस पर जलाभिषेक करने की बात कही थी.
मस्जिद की सुरक्षा बढ़ा दी गई है : यही नहीं, अभिजात मिश्रा ने जलाभिषेक के लिए 30 मई को समय प्रातः 9 बजे का समय निश्चित किया गया. इस बीच ट्वीट वायरल होने के बाद आज जब वह तय समय पर जलभिषेक के लिए निकले तो उन्हें पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट कर कानूनी रास्ता अपनाने की हिदायत दी गई थी. साथ ही मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मस्जिद की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मस्जिद के बाहर भरी पुलिस बल की तैनाती की गई है.
इस पूरे प्रकरण के बाद न्यूज़ 18 को दिए बयान में अभिजात मिश्रा ने कहा कि हम अपने हर मंदिर को वापस लाने के लिए हर प्रयास करेंगे. साथ ही लखनऊ स्थित इस मस्जिद पर जल्द ही कानूनी रास्ता भी अपनाएंगे.


