माफिया घोषित हो चुके बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद की बढ़ी मुश्किलें
माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के गैंग के सक्रिय सदस्यों के सत्यापन के लिए कवायद शुरू. गैंग के सदस्य किसी तरह का भविष्य में अपराध न करें इस बात का रखा जाएगा ध्यान ….
प्रयागराज : गुजरात के अहमदाबाद के साबरमती जेल में बंद बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. अतीक अहमद के इंटर स्टेट गैंग -227 पर भी प्रयागराज पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. अतीक अहमद के गैंग आईएस-227 के सक्रिय सदस्यों के सत्यापन के लिए एसएसपी प्रयागराज में 40 निगरानी दस्तों को जांच पड़ताल के लिए रवाना किया है. पुलिस लाइन और सुभाष चौराहे पर निगरानी दस्ते की ब्रीफिंग के बाद उन्हें फील्ड में रवाना कर दिया गया है.
अगले 12 घंटे तक निगरानी दस्ते में तैनात तेजतर्रार कांस्टेबल अतीक अहमद गैंग के सदस्यों के बारे में पता लगाएंगे और जो भी जानकारी जुटाई जाएगी उससे पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा. एसएसपी के मुताबिक अभी भी अतीक अहमद के जो भी शरणदाता और सहयोगी हैं उनके नाम इस गैंग में जोड़े जाएंगे.
गैंग में 179 सदस्य : एसएसपी अजय कुमार के मुताबिक माफिया घोषित हो चुके बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद का इंटर स्टेट गैंग- आईएस 227 रजिस्टर्ड है. इस गैंग में कुल 179 सदस्य सक्रिय थे. जिनमें से मौजूदा समय में 17 सदस्यों की मौत होने की पुलिस के पास जानकारी है. इस लिहाज से अतीक अहमद गैंग के 162 सक्रिय सदस्य हैं. एसएसपी के मुताबिक प्रदेश सरकार की मंशा के मुताबिक माफिया और अपराधियों के खिलाफ योगी सरकार लगातार एक्शन कर रही है. इसी कड़ी में अतीक गैंग के गुर्गों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है. ताकि वह दोबारा किसी तरह से अपराध में शामिल होकर किसी को नुकसान न पहुंचा सकें. या किसी आपराधिक वारदात को अंजाम न दे सकें.
एसएसपी के मुताबिक एक बार जो अपराधी जरायम की दुनिया में शामिल हो जाता है वह सुधरता नहीं है. इसलिए इस निगरानी के बाद किसी भी अपराधी का नाम काटा नहीं जाएगा. बल्कि गैंग में उन लोगों के नाम हटाए जाएंगे जिनकी स्वाभाविक मौत हो गई है या किसी बीमारी की वजह से असमय मौत हो गई है. एसएसपी के मुताबिक यह अभियान अगले 15 दिनों तक इसी तरह चलता रहेगा. एसएसपी के मुताबिक अपराधियों के सत्यापन में यह कोशिश रहेगी कि कोई भी सक्रिय अपराधी न छूटे. जिससे कि आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे सके.


