मुरादाबाद में पीली कोठी चौराहे पर चड्ढा कोठी के सामने कार में लगी आग : महिलाओं ने भागकर अपनी जान बचाई
फायर स्टेशन को दोपहर 12 बजकर 12 मिनट पर कार में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना के महज 4 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया।
मुरादाबाद में पीली कोठी चौराहे पर शुक्रवार काे एक कार में आग लग गई। घटना चड्ढा कोठी के सामने दोपहर करीब सवा बारह बजे की है। सड़क किनारे आकर रुकी कार से अचानक आग की लपटें उठता देख लोग सहम गए।
घटना के समय कार चला रहा युवक कार से उतरकर सामने मार्ट में कुछ सामान लेने गया था। जबकि कार में दो महिलाएं बैठी हुई थीं। कार में अचानक आग लगने से कार सवार महिलाएं घबरा गईं। उन्होंने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने कार की आग को बुझाने की कोशिश की। लेकिन वह नाकाम रहे।
पुलिस ने आनन-फानन ट्रैफिक रोका : पीली कोठी चौराहे पर जहां यह हादसा हुआ वह शहर का सबसे अधिक व्यस्त इलाका है। आसपास कई स्कूल भी हैं। थोड़ी दूरी पर ही एसएसपी का आवास है। कार से आग लपटें उठता देख ब्लास्ट की आशंका में ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत इस रूट का बंद कर दिया। ट्रैफिक को फव्वारा के पास और दूसरी तरफ पीली कोठी पर रोक दिया गया।

फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग : चीफ फायर ऑफिसर मुकेश कुमार ने बताया कि फायर स्टेशन को दोपहर 12 बजकर 12 मिनट पर कार में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना के महज 4 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। आग कैसे लगी, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है।


