फेसबुक से ठगी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार : विदेशी नागरिक बनकर सोशल मीडिया पर लाखों की ठगी, ठगों के पास से कैश समेत लाखों का माल बरामद
दबिश के दौरान शातिरों के पास से 4 लाख 50 हजार रुपए, कार, दो एप्पल आईफोन, 8 मोबाइल बरामद हुआ। इसके साथ ही ठगी में इस्तेमाल होने वाला 13 सिम कार्ड, 4 फर्जी आधार कार्ड, 01 फर्जी आईकार्ड, सात बैंकों की पासबुक और 12 एटीएम बरामद हुआ
मेट्रोमोनियल साइट या सोशल मीडिया पर दोस्ती के लिये रिक्वेस्ट आए तो जरा सावधान हो जाएं। थाना गोविंदनगर पुलिस ने एक ऐसे ही शातिर ठगी गैंग के तीन सदस्यों को धर दबोचा है। जो विदेशी महिला बनकर लोगों से दोस्ती करते थे। इसके बाद गिफ्ट का झांसा देकर लाखों रुपए ठगते थे। शातिर अब तक करोड़ों रुपए की ठगी कर चुके हैं। क्राइम ब्रांच की मदद से गोविंद नगर पुलिस ने सरगना समेत तीन ठगों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया पर फैला रखा है ठगी का जाल : गोविंद नगर थाना प्रभारी रोहित तिवारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि पकड़े गए शातिर ने विदेशी महिला के नाम पर कई फर्जी फेसबुक आईडी बना रखी है। लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर दोस्ती गांठते हैं। इसके बाद व्हाट्सएप नंबर लेकर लंदन (यू.के.) के नम्बर से व्हाट्सएप पर बातचीत शुरु कर देते हैं। बातचीत के दौरान विश्वास जमा लेते हैं कि सामने वाले को ये भरोसा हो जाए कि बात करने वाला बहुत समृद्ध है और उसके आगे-पीछे परिवार में कोई भी नहीं है। इसके बाद वह अपनी संपत्ति, जेवरात व लाखों के गिफ्ट भेजने की बात कहते हैं। इससे बात करने वाला लालच में फंस जाता है। फिर ठग ही फोन करके कहते हैं कि आपका गिफ्ट आ गया है। इसमें लाखों के जेवरात होने के चलते पहले कस्टम ड्यूटी, एयरपोर्ट अथॉरिटी का अफसर बनकर फिर कस्टम विभाग का अधिकारी बनकर लाखों रुपए जमा करा लेते हैं। इसके बाद पता गिफ्ट नहीं पहुंचने पर लोगों को ठगी की जानकारी होती है।
ऐसे खुला मामला : गोविंद नगर थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से ठगी हुई थी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके मामले की जांच शुरू की तो अभियुक्तगण द्वारा उपयोग किये गये कालिंग मोबाइल नम्बर व बैंको से प्राप्त विवरण का तकनीकी विश्लेषण कर 03 अभियुक्त गिरफ्तार कर लिया। तीनों दिल्ली के रहने वाले हैं। शातिर दिल्ली में बैठकर अपने कॉल सेंटर से देश भर के लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। अब तक यह गैंग लोगों को झांसा देकर करोड़ों रुपए की ठगी कर चुका है।
गैंग लीडर समेत तीन गिरफ्तार : गोविंद नगर थाना प्रभारी रोहित तिवारी ने बताया कि सी-346 सेक्टर जू-2 ग्रेटर नोएडा में रहने वाला विक्रान्त बब्बर गैंग लीडर है। उसके साथ ठगी के गैंग में शामिल ब्लाक डी1/71 प्रथम तल सेक्टर 16 रोहिणी दिल्ली निवासी नितिन भुटानी और न्यू अशोक नगर दिल्ली निवासी जोगिन्दर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
ठगों के पास से कैश समेत लाखों का माल बरामद : दबिश के दौरान शातिरों के पास से 4 लाख 50 हजार रुपए, कार, दो एप्पल आईफोन, 8 मोबाइल बरामद हुआ। इसके साथ ही ठगी में इस्तेमाल होने वाला 13 सिम कार्ड, 4 फर्जी आधार कार्ड, 01 फर्जी आईकार्ड, सात बैंकों की पासबुक और 12 एटीएम बरामद हुआ।


