औरैया में 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के मुख एवं दंत संबंधी रोगियों का हेल्थ एंड वेलनेस सेन्टर पर किया जाएगा परीक्षण

शासन के निर्देश पर यहां आने वाले मरीजों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, संचारी एवं गैर संचारी रोगों से संबंधित सेवाओं के साथ-साथ दंत संबंधी सेवाएं और मुख के कैंसर से संबंधित उपचार के लिए वृहद स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।

औरैया में 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के मुख एवं दंत संबंधी रोगियों का हेल्थ एंड वेलनेस सेन्टर पर किया जाएगा परीक्षण
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ की बैठक।

औरैया में ओरल हेल्थ कार्यक्रम के तहत बुधवार से मुख एवं दंत रोगियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके लिए हेल्थ एंड वेलनेस केन्द्रों पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और पीएचसी पर तैनात डॉक्टरों को एक दिवसीय प्रशिक्षण मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में दिया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि 10 अगस्त से ओरल हेल्थ कार्यक्रम के तहत मुख व दंत रोग स्क्रीनिंग अभियान शुरू होगा। इस अभियान में 30 साल की उम्र पार कर चुकी कुल आबादी के 37 प्रतिशत लोगों की मुख एवं दंत की स्क्रीनिंग की जाएगी। जिससे समय रहते बीमारियों से ग्रसित होने वालों को उपचार और सही परामर्श मिल सके।

मुख एवं दंत के मरीजों की होगी खोज : अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि जनपद में 30 साल की उम्र पार कर चुके 37 फीसदी लोगों की स्क्रीनिंग की जानी है। इसके लिए सभी सीएचओ और स्वास्थ्य कर्मियों की मदद से मुख एवं दंत के मरीजों की खोज की जायेगी l जिन मरीजों को मुख या दंत संबंधी रोगों की संभावना होगी। उनका विवरण फार्म में भरा जाएगा और ऐसे मरीजों को संबंधित हेल्थ एंड वेलनेस सेन्टर पर सीएचओ देखेंगे।

पोर्टल पर अपलोड की जाएगी मरीजों की सूची : जिला सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक अजय पांडेय ने बताया कि अभियान के दौरान आशा व एएनएम प्राथमिक स्तर पर मुख एवम दंत रोगियों की खोज करेंगी l उसकी जानकारी पोर्टल पर अपलोड होगी साथ ही उनका इलाज किया जाएगा।

मुख एवं दंत संबंधी रोगियों का किया जाएगा परीक्षण : शासन के निर्देश पर यहां आने वाले मरीजों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, संचारी एवं गैर संचारी रोगों से संबंधित सेवाओं के साथ-साथ दंत संबंधी सेवाएं और मुख के कैंसर से संबंधित उपचार के लिए वृहद स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान इन केंद्रों पर चिन्हित मुख एवं दंत संबंधी रोगियों का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उच्च स्तरीय चिकित्सालय में उपचार के लिए भेजा जाएगा।

30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की होगी जांच : उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मुख एवं दन्त स्वास्थ्य के प्रति जनसमुदाय को जागरूक करना है। मुख एवं दंत रोगों की पहचान जैसे डेंटल कैरीज,पायरिया,फ्लोरेसिस, पायरिया,क्लेफ्ट लिप, टेढ़े-मेढ़े दांत,मुंह में छाले, मसूड़ों में खून, दांत में दर्द के साथ-साथ जनसमुदाय को तम्बाकू, सुपारी, धूम्रपान इत्यादि के दुष्प्रभावों के बारे में सामुदायिक व वीएचएसएनसी बैठकों के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा आशा कार्यकर्ता द्वारा घर-घर भ्रमण कर 30 वर्ष से अधिक उम्र के संभावित व्यक्तियों का फार्म भरकर सीएचओ को सूचित करेंगी l

दांतों को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने के लिए पौष्टिक भोजन​​​​​​​ करें

डेन्टल सर्जन डॉ. निधि चौधरी और डॉ आकांशा पाल ने मुख एवं दांतों की स्वच्छता तथा स्वास्थ्य के बारे में बताया कि दांतों को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने के लिए पौष्टिक भोजन जैसे कि दही, दालें, फल, हरी सब्जियों का अत्यधिक प्रयोग करें। दांतों पर चिपकने वाली चीजें टाफी, चाकलेट, मिठाई का सेवन न करें। रेशे युक्त पदार्थों का सेवन करें। दिन में दो बार सुबह और रात्रि सोने से पहले ब्रश अवश्य करें।

तीन महीने में बदले टूथब्रश : नशे के उत्पाद तंबाकू, सिगरेट, बीडी, शराब, गुटखा, पान, सुपारी, जर्दा, खैनी का सेवन न करें। टूथब्रश प्रत्येक तीन महीने में अथवा इसके रेशे मुड़ जाएं तो अवश्य बदल दें। किसी भी प्रकार की दांतों की समस्या होने पर अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में दंत चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें।