प्रयागराज के फाफामऊ में हुआ हादसा, स्कूटी से बाजार के लिए निकले थे प्रोफेसर, सड़क हादसे में मौत

घटना की जानकारी होते ही कॉलेज परिवार के स्टाफ भी मौके पर पहुंच गए। पत्नी मनीषा सड़क पर अचेत हो गईं। बस और चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है।

प्रयागराज के फाफामऊ में हुआ हादसा, स्कूटी से बाजार के लिए निकले थे प्रोफेसर, सड़क हादसे में मौत
बस की चपेट में आने से सहायक प्रोफेसर की मौत

लखनऊ की एमिटी यूनिवर्सिटी में हिस्ट्री के असिस्टेंट प्रोफेसर राजीव प्रताप सिंह की सोमवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। वह 40 वर्ष के थे। प्रयागराज के फाफामऊ शांतिपुरम् में बस के नीचे आने से मौके पर ही उनकी जान चली गई। शांतिपुरम् के सेक्टर-एक में अपनी पत्नी के साथ रहते थे। किसी काम से वह स्कूटी लेकर घर से फाफामऊ के लिए निकले थे, तभी लखनऊ के तरफ से आ रही एक प्राइवेट बस की चपेट में आ गए। सिर में ज्यादा चोट लगने की वजह से उनकी जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे को जिन्होंने भी देखा उनके रोंगटे खड़े हो गए।

पत्नी श्यामा प्रसाद डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर हैं : मृतक राजीव प्रताप सिंह मूलत: चंदौली जनपद के रहने वाले थे। वह लखनऊ की एमिटी यूनिवर्सिटी में हिस्ट्री के असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर तैनात थे। पत्नी प्रो. मनीषा सिंह इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के संघटक कॉलेज श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय पीजी कॉलेज शांतिपुरम् में प्रोफेसर हैं। छुट्टी होने के चलते वह शांतिपुरम स्थित अपने घर आए थे और तभी यह घटना हाे गई। घटना की जानकारी होते ही कॉलेज परिवार के स्टाफ भी मौके पर पहुंच गए। पत्नी मनीषा सड़क पर अचेत हो गईं। बस और चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है।